बाघमारा: बाघमारा प्रखंड के नगरीकला में झारखंडी पारंपरिक और प्राकृतिक पर्व बरद खूंटा बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर लोक नृत्य और लोक गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा क्षेत्र झारखंडी संस्कृति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में आजसू पार्टी के नेता मंटू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा,
“बरद खूंटा पर्व झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व खेती-किसानी और पशुधन से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस दिन खेतों की सुरक्षा, उपज की समृद्धि और पशुधन की तंदुरुस्ती के लिए भगवान से प्रार्थना की जाती है।”
ग्रामीणों ने बताया कि इस पर्व के आयोजन से न केवल धार्मिक आस्था प्रकट होती है बल्कि यह सामाजिक एकता, सामूहिकता और परस्पर सहयोग का संदेश भी देता है।
बरद खूंटा जैसे पर्व झारखंड की जीवंत लोक परंपराओं को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






















