Dhanbad Lotus Surya Mandir: धनबाद के धैया स्थित ठाकुर कुल्ही छठ घाट पर श्रद्धालुओं की आस्था और जनसहयोग से भव्य लोटस सूर्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को समाजसेवी कुंभनाथ सिंह उर्फ पप्पू सिंह, उदय प्रताप सिंह, व्यवसायी विकास कंधवे समेत अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में मंदिर निर्माण का शिलान्यास किया गया। तालाब के बीचों-बीच बनने वाले इस मंदिर के पिलर निर्माण का काम भी शुरू कर दिया गया है।
Highlights:
श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति, ठाकुर कुल्ही की इस पहल से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह है। मंदिर निर्माण के लिए समिति के सदस्य और स्थानीय लोग श्रमदान कर रहे हैं। तालाब के बीच बांस की चचरी बनाकर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, समिति की ओर से बैनर लगाकर आम लोगों से इस धार्मिक कार्य में आर्थिक और सामाजिक सहयोग करने की अपील की गयी है।
आस्था और विश्वास का प्रतीक बनेगा सूर्य मंदिर

शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी कुंभनाथ सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि सूर्य मंदिर का निर्माण केवल एक भवन तैयार करना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की आस्था, विश्वास और धार्मिक परंपरा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य की कृपा से हर घर में खुशहाली, स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि बनी रहे। मंदिर निर्माण में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अपने स्तर से हरसंभव सहयोग करने का भरोसा भी दिया।
तालाब के बीच बनेगा भव्य लोटस सूर्य मंदिर

ठाकुर कुल्ही छठ घाट पर तालाब के बीचों-बीच लोटस सूर्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए पिलर निर्माण का काम शुरू हो चुका है। समिति के सदस्य बांस की चचरी बनाकर निर्माण कार्य में जुटे हैं। समिति का उद्देश्य छठ घाट को धार्मिक और आकर्षक पहचान देना है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
समिति ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार मंदिर निर्माण में आर्थिक और सामाजिक योगदान दें। इस पहल में सामूहिक भागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
छठ महापर्व से पहले पांच जेसीबी से होगी घाटों की सफाई
समाजसेवी कुंभनाथ सिंह ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए धनबाद के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई के लिए पांच जेसीबी लगायी गयी हैं। इन मशीनों के माध्यम से जरूरत के अनुसार अलग-अलग तालाबों और छठ घाटों की सफाई करायी जाएगी, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व से पहले जहां भी सफाई की आवश्यकता होगी, वहां जेसीबी भेजकर तालाबों की सफाई करायी जाएगी। साथ ही ठाकुर कुल्ही छठ घाट पर सूर्य मंदिर निर्माण के लिए भी वे हरसंभव सहयोग करेंगे।
हजारों श्रद्धालु देते हैं भगवान सूर्य को अर्घ्य
गौरतलब है कि धैया स्थित ठाकुर कुल्ही छठ घाट धनबाद के प्रमुख छठ घाटों में शामिल है। यहां प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में तालाब के बीच भव्य लोटस सूर्य मंदिर का निर्माण घाट की धार्मिक पहचान को एक नया स्वरूप देगा। श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति की इस पहल को स्थानीय लोगों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से आगे बढ़ाया जा रहा है।






















