निरसा:निरसा अनुमंडल के कुमारडूबी ओपी क्षेत्र अंतर्गत शिवलीबाड़ी अली मोहल्ला निवासी सुल्तान अहमद अंसारी उर्फ गोल्डन का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है।
Highlights:
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या कर शव को ट्रैक पर फेंका गया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पिता ने जताई हत्या की आशंका, मुराद अंसारी पर आरोप
मृतक के पिता लालबाबू अंसारी ने कुमारडूबी ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने मोहल्ले के ही मुराद अंसारी और उसके साथियों पर सुल्तान की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि मुराद की विधवा बहन से सुल्तान के नाजायज़ संबंध थे, जिसको लेकर मुराद अक्सर उसे जान से मारने की धमकी देता था।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुराद अंसारी को हिरासत में ले लिया है और ओपी में उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ में मुराद ने सुल्तान के साथ झगड़े की बात स्वीकार की है, लेकिन हत्या से इनकार किया है।
शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए
पुलिस ने शव को धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















