Govindpur Tiranga Yatra 2026: ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने वाली इस यात्रा में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, क्लब सदस्यों और स्थानीय नागरिकों समेत करीब 1000 लोगों ने हिस्सा लिया।
Highlights:
दो किलोमीटर की यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल, बरियो, नॉलेज विलेज, गोविंदपुर से हुआ। करीब दो किलोमीटर की यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के माहौल में नजर आया। बच्चों और युवाओं समेत सभी वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
सामूहिक वंदे मातरम् गायन रहा आकर्षण
यात्रा के समापन पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया गया। करीब 1000 प्रतिभागियों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और समर्पण की भावना व्यक्त की। आयोजकों के अनुसार, सामूहिक गायन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

क्लब और स्कूल के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर के अध्यक्ष लायन ईसा शमीम, क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एवं अध्यक्ष लायन डॉ. एम.डी. शमीम अहमद, लायन राकेश कुमार, लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर के सचिव, पूर्व अध्यक्ष लायन संदीप विश्वकर्मा और विद्यालय की प्राचार्या विजेता दास समेत क्लब सदस्य, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। लायन ईसा शमीम ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा युवा पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करना है। वहीं, लायन डॉ. एम.डी. शमीम अहमद ने कहा कि तिरंगा यात्रा और सामूहिक वंदे मातरम् गायन से विद्यार्थियों और समाज के लोगों में देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना मजबूत हुई है।

राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश
लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर ने यात्रा में शामिल सभी प्रतिभागियों, विद्यालय परिवार और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।






















