Mashrakh Junction Inspection: छपरा कचहरी-मशरक-थावे रेलखंड के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन ने मशरक जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया। मशरक जंक्शन को महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की पहल पर अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कराया गया था। यहां करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन परिसर में विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
Highlights:
प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान DRM ने प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, कार्यालयों, दिव्यांगजनों के लिए रैंप और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की और जहां जरूरत है, वहां सुधार करने के निर्देश दिए। शौचालय के निरीक्षण के दौरान पे-एंड-यूज शौचालय का निर्माण अधूरा पाए जाने पर इसे जल्द पूरा करने को कहा गया। वहीं, प्लेटफॉर्म पर स्थित फूड स्टॉल के निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सिग्नल और संरक्षा उपकरणों की जांच
DRM ने स्टेशन पर परिचालन और संरक्षा से जुड़े उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की। इस दौरान पैनल इंटरलॉकिंग, संकेतक एवं डिस्प्ले, संचार उपकरण, अग्निशमन यंत्र, ओएफसी रूम, रिले रूम और आईपीएस रूम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्टेशन मास्टर और पॉइंट्समैन से परिचालन तथा संरक्षा नियमों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही कर्मचारियों की तत्परता और संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन कर व्यवस्था की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें: Dhanbad Cyber Crime: साइबर शील्ड अभियान में 5 आरोपी गिरफ्तार, 20 मोबाइल और 23 बैंक पासबुक बरामद

हाई मास्क लाइट और सड़क चौड़ीकरण की मांग
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी जगमोहन शर्मा और सुरेश सिंह ने DRM के समक्ष स्टेशन परिसर की सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़ी मांगें रखीं। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में दो हाई मास्क लाइट लगाने की मांग की, ताकि परिसर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सके। इसके अलावा रेलवे की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण करने और सड़क को सिवान-शीतलपुर एसएच-73 से जोड़ने का सुझाव दिया। स्थानीय लोगों ने टिकट काउंटर पर दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर खोलने की मांग भी रखी।

निरीक्षण में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय, सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (छपरा) अशोक कुमार तथा सहायक मंडल इंजीनियर (छपरा) अरविन्द राय सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं में सुधार, अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने और रेलवे परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया।























