पटना: चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के न्यू महात्मा गांधी नगर में सोमवार शाम NIA की छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर स्कूटी सवार एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान युवक की स्कूटी की डिक्की से 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
Highlights:
पुलिस के अनुसार, युवक नकदी के स्रोत और उसे लेकर जाने के उद्देश्य के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद पूरी रकम जब्त कर मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई।
पुलिस को देखकर स्कूटी से निकलने लगा युवक
जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम सोमवार शाम एक अपराधी की तलाश में न्यू महात्मा गांधी नगर स्थित एक अपार्टमेंट में पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और STF के जवान भी मौजूद थे।
बताया गया कि जिस फ्लैट में NIA की टीम पहुंची थी, वह बंद मिला। इसी दौरान अपार्टमेंट के एक अन्य फ्लैट में रहने वाला युवक पुलिस की मौजूदगी देखकर तेजी से नीचे आया और स्कूटी लेकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगा।
उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर चित्रगुप्त नगर पुलिस ने उसे रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
स्कूटी की डिक्की से बरामद हुए 20 लाख रुपये
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में बताई गई है। वह मूल रूप से पूर्वी चंपारण के चकिया का रहने वाला है।
पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली तो डिक्की में एक झोला मिला। झोले की जांच करने पर उसमें 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने युवक से रकम के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि नकदी कारोबार से संबंधित है, लेकिन वह रकम के वास्तविक मालिक और इसे लेकर जाने के कारण के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।
कारोबार के लिए होने की बात कही, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं
चित्रगुप्त नगर थानेदार शंकर झा के अनुसार, पूछताछ में युवक ने नकदी को कारोबार से जुड़ा बताया। हालांकि, पुलिस के सवालों के दौरान वह यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि रुपये किसके हैं और इतनी बड़ी रकम को स्कूटी में लेकर कहां जा रहा था।
पुलिस ने इसके बाद नकदी को जब्त कर लिया। मामले की जांच के लिए संबंधित विभागों को भी जानकारी दी गई है।
यह भी पढ़ें: JSSC CGL विज्ञापन रद्द करने पर हाईकोर्ट सख्त, 99 अधिकारियों को फिलहाल नहीं हटाया जाएगा
आयकर विभाग कर रहा नकदी के स्रोत की जांच
20 लाख रुपये की बरामदगी के बाद पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी। अब आयकर विभाग युवक से पूछताछ कर नकदी के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहा है।
फिलहाल यह जांच की जा रही है कि बरामद रकम वैध कारोबार से संबंधित है या इसके पीछे कोई अन्य मामला है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही नकदी और युवक से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






















