गिरिडीह: गिरिडीह जिले के गिरिडीह प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंदवरिया में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है। बाघमारा से नचनिया पहाड़ी होते हुए डुमरी तक बनने वाली इस सड़क के निर्माण में पारदर्शिता की कमी के आरोप सामने आए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर अब तक कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि सड़क का निर्माण किस विभाग द्वारा, किस योजना के तहत और कितनी लागत में किया जा रहा है।
वहीं स्थानीय मुखिया रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने कई बार ठेकेदार एवं मुंशी से कार्य की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह मामला अब गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से जांच की मांग कर रहे हैं।
इस बीच एक गंभीर पहलू यह भी सामने आया है कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त मशीनें उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सलैयाटाँड के परिसर में खड़ी की जा रही हैं। जबकि इसके लिए न तो विद्यालय प्रबंधन से अनुमति ली गई है और न ही विभाग को कोई लिखित सूचना दी गई है। इससे सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जब ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो जानकारी मिली कि ठेकेदार उत्तर प्रदेश से आकर यहां कार्य कर रहा है। हालांकि इस मामले में ठेकेदार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।






















