धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बलियापुर में एक दर्जन से अधिक मिठाई और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने किया।
निरीक्षण के दौरान रसगुल्ला, लड्डू, पनीर, खोया आदि 40 खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर जांच की गई। जांच में कई दुकानों पर मिलावट, अशुद्धता और साफ-सफाई की कमी पाई गई, जिसके आधार पर कुल ₹29,000 का जुर्माना लगाया गया।
- अरविंद स्वीट्स, कर्माटांड मोड़: समोसा मसाला और लड्डू में अखाद्य रंग पाए जाने पर ₹15,000 जुर्माना।
- गणपति स्वीट्स: परिसर में गंदगी के चलते ₹10,000 जुर्माना।
- आसनी स्वीट्स: अखाद्य रंग के उपयोग पर ₹2,000 जुर्माना।
- मदन स्वीट्स: मिठाई में मृत तेलचट्टा (कीट) पाए जाने पर ₹2,000 जुर्माना तथा मिठाई नष्ट करवाई गई।
फूड सेफ्टी ऑफिसर ने सभी दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, प्रमाणित खाद्य रंगों के उपयोग, हेयर कवर व एप्रन पहनने और समय-समय पर कीटनाशक छिड़काव करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान के दौरान बलियापुर थाना की पुलिस टीम भी मौजूद रही। जिला प्रशासन द्वारा अक्टूबर माह में मिलावट के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा।





















