जमुआ: गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड परिसर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन, चूल्हा और सिलेंडर का वितरण किया गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना तथा उनके स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
जानकारी के अनुसार, योजना के पहले दिन लगभग 35 महिलाओं को इसका लाभ मिला। लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम का गैस सिलेंडर, चूल्हा और रेगुलेटर प्रदान किया गया, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को गैस सिलेंडर पर ₹337.75 की सब्सिडी भी दी जा रही है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि यह पहल महिलाओं के जीवन को आसान और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से की गई है, ताकि वे धुएं-रहित वातावरण में भोजन बना सकें।
गैस कनेक्शन का वितरण दिव्यांशु सावन, एचपी गैस एजेंसी ग्रामीण वितरण रेमबा के माध्यम से किया गया।
उन्होंने बताया कि आगे भी इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोग संबंधित गैस एजेंसियों से संपर्क कर आवेदन जमा करके इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।






















