निरसा: निरसा के सेंट्रल पुल स्थित डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद क्लब परिसर में आज एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन समाजसेवी संटी सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर में कुल 50 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदाताओं ने न केवल जरूरतमंदों की मदद की, बल्कि रक्तदान के माध्यम से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का भी परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी मनोज सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। रक्त की एक यूनिट कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचा सकती है।” उन्होंने समाज को रक्तदान के प्रति जागरूक होने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।






















