धनबाद: गुरु नानक कॉलेज, धनबाद में शनिवार को एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कॉलेज के एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा एसजेएएस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और नियमित जांच के महत्व को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज परिसर स्थित एसजेएस ग्रेवाल ऑडिटोरियम, भुदा कैंपस में सुबह 10:30 बजे से शुरू हुआ। इस शिविर में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, लगभग 150 छात्र, और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई, नेत्र जांच और हृदय परीक्षण जैसे विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए। शिविर में आए लोगों को संतुलित आहार, व्यायाम और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
गुरु नानक कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के सचिव ने बताया कि, “इस शिविर का उद्देश्य केवल एक दिन का इलाज नहीं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति स्थायी जागरूकता लाना है। हम भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को लगातार जारी रखेंगे।”
कॉलेज प्रशासन, एलुमनाई एसोसिएशन और हॉस्पिटल टीम के समन्वित प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





















