राजगंज: राजगंज थाना क्षेत्र में एक पुलिस पदाधिकारी से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गलीकुल्ली निवासी मनोज गोराई को ओडी पदाधिकारी इस्लाम अंसारी के साथ मारपीट, वर्दी फाड़ने और सरकारी कागजातों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज गोराई (पिता: भरत चंद्र गोरे उर्फ ग्रहण) के खिलाफ बीएनएस की धारा 7/26, 126(2), 127(2), 132/351(3), 352, 324(4), 324(5) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Highlights:
जमीन विवाद से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि मनोज गोराई का अपने चचेरे भाई उज्ज्वल गोराई के साथ संपत्ति विवाद चल रहा था। उज्ज्वल गोराई ने आरोप लगाया था कि मनोज जमीन का बंटवारा नहीं होने दे रहा है, जिसको लेकर उन्होंने राजगंज थाना में लिखित आवेदन दिया था।
थाने में हुई घटना
मामले की सुनवाई के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को सोमवार शाम करीब 6:30 बजे थाने बुलाया था। इसी दौरान ओडी पदाधिकारी इस्लाम अंसारी दस्तावेजों की जांच कर रहे थे, तभी आरोपी मनोज गोराई ने अचानक पदाधिकारी का कॉलर पकड़ लिया और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस घटना में पदाधिकारी के गर्दन और हाथ में चोट आई है।
तत्काल कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।






















