राजगंज: संत मैथ्यूज हाई स्कूल, राजगंज में 12वां वार्षिक उत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार (न्यूरो एवं मनो चिकित्सक) तथा चंदन सिंह (ब्रांच मैनेजर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, राजगंज) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य तथा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अपने संबोधन में विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा नौवीं की छात्राएं अंतरा कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी ने किया।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावकगण एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















