मिर्जापुर: मिर्जापुर के ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया।
रात करीब साढ़े आठ बजे चार वाहनों की जोरदार टक्कर में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से बोलेरो, कार और एक कंटेनर को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। इस हादसे में चालक समेत कई लोग जिंदा जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। अपर्णा रजत कौशिक ने मौके का जायजा लिया और 11 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की।
यह हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी मदद नहीं कर सके। प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।




















