गोबिंदपुर थाना क्षेत्र के धोरियो महुबनी में हुई घटना, पति समेत ससुराल के सभी सदस्य मौके से फरार
धनबाद, 16 मई 2025 — धनबाद जिले के गोबिंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धोरियो महुबनी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना में 23 वर्षीय महिला नूपुरा देवी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, मृतका के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताया है और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Highlights:
प्रेम विवाह के बाद से ही हो रहा था मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न
मृतका की मां के अनुसार, नूपुरा देवी का विवाह तीन वर्ष पूर्व प्रेम संबंध के बाद राकेश मंडल से हुआ था। शादी बैंक मोड़ बस्ती स्थित मामा घर से की गई थी। शादी के बाद से ही ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ना और मारपीट का सामना करना पड़ रहा था। इस बीच कई बार समाजिक स्तर पर पंचायती भी की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
पति और ससुराल पक्ष के लोग फरार
घटना की सूचना मिलते ही गोबिंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी हुई है। वहीं, मृतका के पति और उसके ससुराल के सभी सदस्य घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
दो मासूम बेटियों को छोड़ गई पीछे
नूपुरा देवी डेढ़ साल और डेढ़ महीने की दो बेटियों की मां थीं। उनकी असमय मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
यह भी पढ़े : धनबाद में मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, गिरिडीह व संबलपुर में बेचते थे चोरी की गाड़ियां
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने मांगा न्याय
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। मृतका के परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।






















