जमुआ (खरगडीहा): प्रखंड क्षेत्र के खरगडीहा में पेयजल आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता देव आशीष दास ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पानी सप्लाई टंकी, पाइपलाइन और मोटर व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के क्रम में बीडीओ अमल कुमार, खरगडीहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि व प्रमुख प्रतिनिधि सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अभियंता ने विभिन्न मोहल्लों में जाकर लोगों की शिकायतें सुनीं और पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं का स्थल पर ही जायजा लिया।
देव आशीष दास ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पेयजल की समस्याओं का समाधान युद्धस्तर पर किया जा रहा है। एक से दो महीने के भीतर लोगों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां तकनीकी समस्याएं पाई गई हैं, वहां मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।






















